बेसिक स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति देखने को बनेंगी टीमें
बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति को देखने के लिए शासन के आदेश पर ब्लॉक स्तर पर टीमें बनेंगी और स्कूलों में सघन निरीक्षण होगा। आदेश हैं कि सप्ताह में चार दिन स्कूलों में टीमों द्वारा औचक निरीक्षण किया जाए और शिक्षकों की उपस्थिति व अनुपस्थिति को देखा जाए। काफी स्कूलों में शिक्षकों के बिना बताए अवकाश पर रहने और समय से न आने की शिकायतें हैं। बीएसए द्वारा टीमों का गठन कर निरीक्षण कराया जाएगा। परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों की लेट-लतीफी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। दूर-दराज के स्कूलों में शिक्षक समय से नहीं पहुंचते हैं और काफी शिक्षक बिना बताए अवकाश पर भी चले जाते हैं।
हालांकि बीएसए द्वारा समय-समय पर सभी निरीक्षण कर स्कूलों में शिक्षकों की हाजिरी चेक की जाती है। मगर अब शासन द्वारा इस पर और सख्ती कर दी गई है, बताया गया की प्रत्येक ब्लॉक पर बीएसए द्वारा एक टीम बनाई जाएगी और इसमें बीईओ होंगे निरीक्षण के लिए बीईओ को दूसरे ब्लॉकों में भेजा जाएगा। जिले में कुल 16 टीमें बनाई जाएंगी।
और यह टीमें स्कूल समय में पहुंचकर शिक्षकों की उपस्थिति को देखेंगी शिक्षक कितने बजे आए हैं और रजिस्टर में हस्ताक्षर किए हैं या नहीं। इसके अलावा छात्रों की उपस्थिति भी देखी जाएगी। बीएसए डा. लक्ष्मीकांत पांडे्य ने बताया कि निरीक्षण के साथ-साथ स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता को भी देखा जाएगा। यदि निरीक्षण के समय कोई शिक्षक अनुपस्थित मिलता है तो
उसके खिलाफ कार्यवाही होगी। ब्लॉकों पर टीमों का गठन कर स्कूलों में जल्द ही निरीक्षण शुरू करा दिया जाएगा।




