UP SIR को लेकर चुनाव आयोग सख्त, बीएलओ को कार्रवाई की चेतावनी

UP SIR को लेकर चुनाव आयोग सख्त, बीएलओ को कार्रवाई की चेतावनी

UP SIR को लेकर चुनाव आयोग सख्त है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने उन बीएलओ को सख्त चेतावनी दी जिन्होंने अभी तक अपने क्षेत्र के मतदाताओं को गणना प्रपत्र नहीं वितरित किए हैं। जल्द फॉर्म पहुचानें के निर्देश दिए ।

यूपी में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रगति की गुरुवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने समीक्षा की। उन्होंने उन बीएलओ को सख्त चेतावनी दी जिन्होंने अभी तक अपने क्षेत्र के मतदाताओं को गणना प्रपत्र नहीं वितरित किए हैं। जल्द फॉर्म पहुचानें के निर्देश दिए ।

गुरुवार को वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के डीएम से जुड़े सीईओ ने कहा कि आंकड़ों के अनुसार कुल 15.44 करोड़ मतदाताओं में से 99.57 प्रतिशत मतदाताओं को फॉर्म वितरित किए जाने की सूचना दी गई है । वहीं राजनीतिक दलों की ओर से कुछ क्षेत्रों में अभी तक फॉर्म न पहुंचने की शिकायत की गई है। ऐसे में सभी जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिदिन इसकी समीक्षा करें। चार दिसम्बर तक फॉर्म भरवाकर जमा किया जाना है।

वहीं जो फॉर्म मतदाता से जमा कराए जाएं उन्हें बीएलओ एप के माध्यम से ऑनलाइन चुनाव आयोग को भेजा जाय। एसआईआर के काम में लगे सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की निगरानी की जा रही है, लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोशल मीडिया पर एसआईआर से संबंधित किसी भी भ्रामक पोस्ट का तत्काल तथ्यपरक जवाब दिया जाए। सभी जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, नगर निगम, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत व ब्लॉक स्तरीय कार्यालयों में हेल्प डेस्क जल्द स्थापित की जाए।

पात्र व्यक्ति को मतदाता बनने से कोई नहीं रोक सकता

इससे पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव से जुड़े कार्यों में लगे अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि पात्र व्यक्ति को मतदाता बनने से कोई नहीं रोक सकता। यह आश्वासन मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दिया। सीईओ कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि अभी तक मान्यता प्राप्त सभी राजनीतिक दलों ने 385799 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त किए हैं।

सपा ने 112309, भाजपा ने 156015, बसपा ने 100169, कांग्रेस पार्टी ने 16538, अपना दल (एस) ने 713 और सीपीआई (एम) ने 55 बीएलए नियुक्त किए हैं। आम आदमी पार्टी व एनपीपी ने एक भी बीएलए नियुक्त नहीं किए हैं। ऐसे में सभी दल जल्द से जल्द बीएलए नियुक्त करने का कार्य करें। बीएलए भी गणना प्रपत्र भरवाने में मतदाताओं का सहयोग करें। बीएलए प्रतिदिन अधिकतम 50 गणना प्रपत्र भरवाकर बीएलओ को जमा कर सकते हैं।

Leave a Comment

WhatsApp Group Join