यूपी का सरकारी स्कूल बना अखाड़ा… कन्नौज में इंचार्ज प्रधानाध्यापक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, सहायक शिक्षक निलंबित
कन्नौज में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शिक्षा के मंदिर को अखाड़ा बना दिया गया। बच्चों को अनुशासन का पाठ पढ़ाने वाले गुरुजी ही आपस में उलझ गए। सहायक अध्यापक ने इंचार्ज को स्कूल में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। कंपोजिट विद्यालय में प्रधानाध्यापक पद को लेकर सहायक अध्यापक और इंचार्ज प्रधानाध्यापक के बीच तनाव चल रहा था। तनाव इतना बढ़ गया कि सहायक ने इंचार्ज को विद्यालय में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और जाति विशेष शब्दों का प्रयोग कर अभद्रता की। इससे आरोपित सहायक को बीएसए ने निलंबित कर दिया है।
ये था मामला
उमर्दा ब्लाक के कंपोजिट विद्यालय फिरोजपुर में करीब 14 वर्ष से इंचार्ज प्रधानाध्यापक का कार्यभार दीप्ती यादव के पास था। दीप्ती यादव जूनियर होने के बावजूद इंचार्ज बनी हुई थीं। इससे 12 मार्च को बीएसए के निर्देश पर दीप्ती से इंचार्ज पद को छीन लिया गया और सीनियर अध्यापक राधा देवी को जिम्मेदारी दी गई। इससे दोनों शिक्षकों के बीच लगातार तनाव की स्थिति चल रही थी। शुक्रवार को दोनों के बीच नोंकझोंक होने लगी। मामला कुछ ही देर में तूल पकड़ गया और मारपीट होने लगी। आरोप है कि दीप्ती यादव ने राधा देवी को विद्यालय में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
कपड़े तक फट गए
मारपीट में राधा देेवी के कपड़े भी फट गए थे। राधा देवी ने घटना की जानकारी बीईओ और बीएसए को दी। इसके बाद कोतवाली पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। इसमें राधा देवी ने जाति विशेष अभद्रता करने के आरोप भी लगाए। एसआइ राधामोहन और बीईओ ने पहुंचकर जांच की। जांच रिपोर्ट मिलने पर बीएसए ने दीप्ती को निलंबित कर दिया और प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर ठठिया से संबद्ध कर दिया। बीईओ विपिन कुमार ने बताया कि इंचार्ज पद को लेकर दोनों के बीच तनाव था। तभी मारपीट हुई है। बीएसए संदीप कुमार ने बताया कि आरोपित शिक्षक दीप्ती को निलंबित कर दिया गया है।



