यूपी में 1641 शिक्षकों का स्थानांतरण; नई पोस्टिंग की जानकारी शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर देखें
लंबे इंतजार के बाद एडेड माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों के ऑफलाइन ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) सुरेंद्र कुमार तिवारी ने 1641 शिक्षकों और प्रधानाचार्यों के स्थानांतरण आदेश जारी कर दिए हैं। ये ट्रांसफर प्रदेश के सभी 18 मंडलों और 75 जिलों में किए गए हैं। पूरी ट्रांसफर सूची विभाग की वेबसाइट madhyamikshiksha.upsdc.gov.in पर अपलोड कर दी गई है।
अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा, पार्थ सारथी सेन शर्मा ने दीपावली से पहले स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया था। आदेश के बाद शिक्षकों में उत्साह बढ़ गया था, और अब देव दीपावली के दिन सूची जारी होने से शिक्षकों और उनके परिवारों का खुशी दोगुनी हो गई है।
बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि स्थानांतरण के बाद सभी मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों (JDs) और जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि कार्यभार ग्रहण करने से पहले शिक्षक अपने आवेदन में दी गई सभी जानकारियों का मिलान कर लें।
साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि जिस स्कूल में शिक्षक को भेजा गया है, वहां संबंधित विषय का पद रिक्त हो और वह पद शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेजा न गया हो। यदि किसी विद्यालय में पद उपलब्ध नहीं है या विवादित है, तो DIOS को इसकी रिपोर्ट निदेशालय को भेजनी होगी। स्थानांतरण आदेश में किसी प्रकार की टंकण या लिपिकीय गलती मिलने पर बाद में उसे सुधारा जाएगा।
सरकार ने 14 अक्टूबर को इन ऑफलाइन ट्रांसफरों को मंजूरी दी थी। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी आदेश उन्हीं आवेदनों और दस्तावेजों के आधार पर जारी किए गए हैं, जिन्हें संबंधित अधिकारियों ने सत्यापित करके भेजा था।




