UP Budget Session Live Updates: आज से शुरू हो रहा है बजट सत्र, 11 फरवरी को पेश होगा योगी सरकार का आखिरी बजट
उत्तर प्रदेश की सियासत में आज से हलचल तेज होने वाली है। विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। यह सत्र 9 फरवरी से 20 फरवरी तक चलेगा। इसी दौरान योगी सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी।
खास बात यह है कि यह योगी सरकार 2.0 का आखिरी बजट होगा। ऐसे में सभी की निगाहें 11 फरवरी पर टिकी हैं, जब बजट सदन में रखा जाएगा। 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए माना जा रहा है कि इस बार बजट में विकास योजनाओं के साथ-साथ जनता से जुड़े फैसलों पर खास जोर रह सकता है।
पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण, आर्थिक सर्वे भी पेश होगा
बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा। इसके बाद संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री सुरेश खन्ना सदन में आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगे। यह सर्वे राज्य की आर्थिक स्थिति, योजनाओं की प्रगति और सरकार की दिशा को साफ करता है।
आज के एजेंडे में कुल 11 विधेयक भी शामिल हैं, जिन्हें मंजूरी के लिए सदन में रखा जाएगा। ऐसे में पहले दिन से ही सदन का माहौल गरम रहने के संकेत हैं।
हंगामेदार सत्र के आसार, विपक्ष ने कसी कमर
बजट सत्र को लेकर विपक्ष पूरी तरह तैयार है। समाजवादी पार्टी सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की रणनीति बना चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, SIR, एनकाउंटर, बुलडोजर कार्रवाई और किसानों की समस्याएं—ये सभी मुद्दे सदन में उठाए जा सकते हैं।
सत्र की शुरुआत से पहले ही सपा ने साफ कर दिया है कि वह सरकार से जवाब लेकर रहेगी। इसी कड़ी में आज सुबह 10 बजे चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर सपा विधायकों का प्रदर्शन भी प्रस्तावित है।
सुरक्षा और ट्रैफिक को लेकर पुख्ता इंतजाम
बजट सत्र को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। विधानसभा और आसपास के इलाकों को 10 सेक्टरों में बांटा गया है।
करीब 1000 पुलिसकर्मी, 6 कंपनी PAC और RRF की तैनाती की गई है। ट्रैफिक मैनेजमेंट को भी लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।





