विद्यालय समय परिवर्तन : शिक्षकों के लिए नया फरमान, 8:45 से 3:30 तक रहना होगा स्कूल
अलीगढ़ : जिले के परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त बेसिक विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए अहम खबर सामने आई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलीगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब जिले के सभी बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कम्पोजिट एवं मान्यता प्राप्त बेसिक विद्यालयों का शिक्षण समय प्रातः 9:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक निर्धारित कर दिया गया है।
यह आदेश 24 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं, अनुदेशक एवं शिक्षा मित्रों को टाइम एंड मोशन के आधार पर विद्यालय में प्रातः 8:45 बजे से पहले उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
3:30 बजे तक विद्यालय में रहना होगा अनिवार्य
जारी निर्देशों के अनुसार सभी शिक्षकों को अपराह्न 3:30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहकर विद्यालय से संबंधित कार्यों का निष्पादन करना होगा। इसमें विशेष रूप से निपुण असेसमेंट टेस्ट से जुड़े कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
अनुपस्थित पाए जाने पर होगी कार्रवाई
आदेश में यह भी साफ किया गया है कि यदि निरीक्षण के दौरान कोई शिक्षक, शिक्षिका, अनुदेशक या शिक्षा मित्र सुबह 8:45 बजे से अपराह्न 3:30 बजे के बीच विद्यालय में अनुपस्थित पाया जाता है, तो उसे अनुपस्थित मानते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई की पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित कार्मिक की स्वयं की होगी।
अधिकारियों को दिए गए अनुपालन के निर्देश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों, इंचार्ज प्रधानाध्यापकों एवं विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
यह आदेश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार सिंह द्वारा जारी किया गया है और इसकी प्रतिलिपि शासन स्तर से लेकर जिला एवं ब्लॉक स्तर के संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।