मोबाइल गिरने के बाद शिक्षक के खाते से 11.52 लाख की साइबर ठगी, 22 दिन में साफ हुई पूरी रकम
कानपुर। घाटमपुर क्षेत्र में एक सहायक अध्यापक साइबर ठगी का शिकार हो गए। शिक्षक का मोबाइल गिर जाने के बाद साइबर ठगों ने यूपीआई आईडी बनाकर उनके बैंक खाते से 22 दिनों के भीतर 11.52 लाख रुपये निकाल लिए। हैरानी की बात यह रही कि जैसे ही खाते में वेतन आता, कुछ ही मिनटों में पैसा दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता था।
मिली जानकारी के अनुसार, घाटमपुर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर कदीम निवासी रश्मि देवी ने बताया कि उनके पति अरुण कुमार प्राथमिक विद्यालय मलल्हनपुरवा में सहायक अध्यापक हैं। बीती जनवरी में विद्यालय से घर लौटते समय उनका मोबाइल कहीं गिर गया था। इसके बाद 24 जनवरी को ऑनलाइन शिकायत कर बैंक में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर को दोबारा निकलवाया गया।
इसके बाद 7 फरवरी को जब वे अपने पति के साथ ग्रामीण बैंक पहुंचीं तो पता चला कि 16 जनवरी से 6 फरवरी के बीच खाते से करीब 11 लाख रुपये निकाले जा चुके हैं। पूछताछ करने पर बैंक मैनेजर ने बताया कि खाते से यूपीआई आईडी बनाकर रकम निकाली गई है, जबकि अरुण कुमार किसी भी प्रकार का यूपीआई या ऑनलाइन पेमेंट ऐप इस्तेमाल नहीं करते थे।
पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर भी दर्ज कराई। इसके बावजूद 2 फरवरी को खाते में आई सैलरी के 52 हजार रुपये भी ठगों ने निकाल लिए।
मामले की जानकारी मिलने पर पीड़ित की पत्नी ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। साइबर क्राइम थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और खाते से हुई रकम निकासी का पूरा डाटा खंगाला जा रहा है। साथ ही आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।