मौसम अलर्ट: आज आंधी व गरज चमक के साथ गिरेंगे ओले
लखनऊ। प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। मौसम विभाग ने 15 मार्च यानी रविवार के लिए प्रदेश के तराई व पश्चिमी इलाकों के 26 जिलों में गरज चमक के साथ 30 से 50 किमी प्रति घंटा रफ्तार वाली हवाएं चलने की संभावन जताई है।
15 और 16 मार्च को बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
मौसम विभाग ने 15 व 16 मार्च को तराई व पश्चिमी जिलों में बारिश और मध्यांचल में तेज हवा और बादलों की सक्रियता बढ़ने का पूर्वानुमान जारी किया है।
पूर्वी तराई के जिलों में ओलावृष्टि की आशंका
वहीं पूर्वी तराई के कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर समेत छह जिलों में ओलावृष्टि की भी आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि इस विक्षोभ के असर से पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में असर पड़ेगा।
लगभग 35 जिलों में गरज-चमक और बूंदाबांदी की संभावना
लगभग 35 जिलों में गरज चमक और बूंदाबांदी की आशंका जताई गई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि यूपी में नए विक्षोभ के असर से तराई व पूर्वांचल में 15 व 16 मार्च को गरज चमक और तेज हवा के झोंके के साथ हल्की से मध्यम बारिश के संकेत हैं।
तापमान में भी गिरावट के संकेत
इसके असर से दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट के संकेत हैं। 19 मार्च से प्रदेश में एक और विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका प्रदेश में व्यापक असर होगा।
बांदा में तापमान 40 डिग्री के पार
प्रदेश में शुक्रवार को बांदा में इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार चला गया। यहां सर्वाधिक 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। वहीं वाराणसी में 36.9 डिग्री और प्रयागराज व उरई में 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
इन जिलों में ओले गिरने की संभावना
22.6 डिग्री के साथ बांदा में सबसे गर्म रात रही। देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर व आसपास के इलाकों में ओले गिर सकते हैं।