मांग: 20 मार्च का स्कूलों में अवकाश घोषित करने के सम्बन्ध में
उत्तर प्रदेश में 20 मार्च 2026 को परिषदीय विद्यालयों में अवकाश घोषित करने की मांग उठी है। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व मान्यता प्राप्त) शिक्षक संघ ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर प्रदेश के सभी बेसिक स्कूलों में उस दिन अनिवार्य अवकाश घोषित करने का अनुरोध किया है।

संघ के पदाधिकारियों ने अपने पत्र में बताया कि पवित्र रमजान माह का अंतिम शुक्रवार 20 मार्च 2026 को पड़ रहा है। इस दिन जुम्मे की नमाज के कारण प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों में नमाज अदा करने जाते हैं। ऐसे में कई क्षेत्रों में विद्यालयों में अध्ययन-अध्यापन का कार्य प्रभावित होने की संभावना रहती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि 20 मार्च 2026 (शुक्रवार) को प्रदेश के सभी परिषदीय विद्यालयों में अनिवार्य अवकाश घोषित किया जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था की स्थिति न बने।
यह पत्र संघ अध्यक्ष संजय मणि त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष मजहर मुहम्मद खां और संघ महामंत्री अरुणेन्द्र कुमार वर्मा की ओर से भेजा गया है। साथ ही इस पत्र की प्रतिलिपि प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा, महानिदेशक स्कूल शिक्षा, निदेशक (बेसिक) और सचिव बेसिक शिक्षा परिषद को भी आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजी गई है।