1.14 लाख किसानों की PM सम्मान निधि की 22वीं किस्त पर मंडराया संकट, बिना रजिस्ट्री नहीं आएगा पैसा
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े लाभार्थियों के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके बावजूद जनपद में बड़ी संख्या में किसान अब तक इस प्रक्रिया को पूरा नहीं कर सके हैं। समय रहते रजिस्ट्री न कराने पर उन्हें योजना की 22वीं किस्त से वंचित होना पड़ सकता है।
अधिकारियों ने इसे लेकर विशेष अभियान तेज कर दिया है। जिले में योजना के अंतर्गत कुल 4.56 लाख किसान पंजीकृत हैं। इनमें से 3,42,430 लाभार्थियों ने ही अब तक फार्मर रजिस्ट्री कराई है, जबकि 114551 किसानों की रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। यह संख्या कुल पंजीकृत किसानों का लगभग 25.07 प्रतिशत है। ऐसे किसानों की किस्त अटकने की आशंका जताई जा रही है।
फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य
उप निदेशक कृषि संजीव कुमार ने बताया कि सभी लाभार्थियों के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य है। विभाग की ओर से वृहद अभियान चलाया जा रहा है, और विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाकर किसानों की रजिस्ट्री कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।
22वीं किस्त फरवरी के अंतिम सप्ताह या मार्च के प्रथम सप्ताह में आने की उम्मीद है। ऐसे में जिन किसानों ने अभी तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है, वे जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करा लें।
किसान स्वयं जनसेवा केंद्र के माध्यम से रजिस्ट्री करा सकते हैं। इसके अलावा राजकीय कृषि बीज भंडारों पर भी फार्मर रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
शिविर के माध्यम से रविवार को भी 1332 किसानों का हुआ फार्मर रजिस्ट्री जिला प्रशासन के निर्देश के क्रम में समस्त किसानों की फार्मर रजिस्ट्री के लिए प्रत्येक दिन ब्लाक स्तर से लेकर ग्राम पंचायत सचिवालय स्तर पर शिविर के माध्यम से फार्मर रजिस्ट्री कराया जा रहा है। कृषि विभाग की सूचना के अनुसार रविवार को भी जिले भर में लगी शिविर कुल 1332 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराई गई है।