गांधी जयंती: विद्यालय परिसर में बच्चों व शिक्षकों ने जाना बापू के विचारों को
बारा (सगवर): ग्राम पंचायत सारुखेड़ा के प्राथमिक विद्यालय में बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ गांधी जयंती मनाई गई। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अमरेंद्र यादव ‘जीतू’ और विद्यालय के शिक्षकों ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। उपस्थित लोगों को गांधी जी के विचारों, सिद्धांतों और उनके जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक बातें बताई गईं।
गौरतलब है कि महात्मा गांधी की जयंती हर वर्ष 2 अक्टूबर को देश और दुनिया भर में मनाई जाती है। इस बार उनकी 156वीं जयंती मनाई गई।
महात्मा गांधी का जन्म 2 अक्टूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में हुआ था। उन्होंने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए चंपारण सत्याग्रह, असहयोग आंदोलन, दांडी यात्रा और भारत छोड़ो आंदोलन जैसे कई ऐतिहासिक और शांतिपूर्ण आंदोलनों का नेतृत्व किया।




