छुट्टी न मिलने से आहत BLO शिक्षामित्र ने विद्यालय में फांसी लगाकर दी जान

छुट्टी न मिलने से आहत BLO शिक्षामित्र ने विद्यालय में फांसी लगाकर दी जान

बिंदकी (फतेहपुर)। बेटी की शादी के लिए छुट्टी न मिलने से परेशान एक शिक्षामित्र ने विद्यालय परिसर में आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के अलियाबाद गांव निवासी अविनेश कुमार सविता (45) प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थे। उनकी ड्यूटी इस समय एसआईआर कार्य में लगी थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने बेटी की शादी की तैयारियों के चलते अवकाश का अनुरोध किया था, लेकिन छुट्टी स्वीकृत नहीं हुई।

शनिवार को वह स्कूल पहुंचे और कमरे के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उनके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें कथित तौर पर एसआईआर-2026 ड्यूटी और छुट्टी न मिलने का उल्लेख किया गया है।

स्कूल के पास रहने वाले एक अन्य शिक्षामित्र ने जब दरवाजा बंद देखा तो संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर वह अंदर फंदे से लटके मिले। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव को नीचे उतारा। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने प्रशासनिक अधिकारियों पर आरोप लगाए और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment

WhatsApp Group Join