बड़ी खबर: बोर्ड परीक्षाएं समाप्त होने तक शिक्षकों एवं कर्मचारियों को नहीं मिलेगा किसी भी प्रकार का अवकाश, बीएसए साहब का आदेश जारी
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) चित्रकूट द्वारा एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है, जिसके तहत जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक, शिक्षिकाएं और शिक्षोत्तर कर्मचारियों को बोर्ड परीक्षा 2026 की समाप्ति तक किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा।
बोर्ड परीक्षा और प्रशासनिक कार्यों को लेकर सख्ती
जारी आदेश के अनुसार, जिलाधिकारी चित्रकूट द्वारा लॉजिकल डिसिप्लिनरी से संबंधित नोटिसों के निस्तारण और वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्वाचन एवं बोर्ड परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के उद्देश्य से शिक्षकों और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है।
बिना अनुमति नहीं मिलेगा अवकाश
आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि परीक्षा अवधि समाप्त होने तक किसी भी शिक्षक या कर्मचारी को अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा और न ही अवकाश संबंधी प्रार्थना पत् अग्रसारित किए जाएंगे।
हालांकि, अपरिहार्य परिस्थितियों में अवकाश देने से पहले संबंधित अधिकारी को सूचित कर पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। अनुमति मिलने के बाद ही अवकाश स्वीकृत या अस्वीकृत किया जाएगा।
सख्त अनुपालन के निर्देश
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश की प्रति जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, शिक्षा निदेशक (बेसिक) उत्तर प्रदेश, अपर जिलाधिकारी, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों को भी प्रेषित की गई है।
