एक अप्रैल से परिषदीय विद्यालयों का समय सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 तक किया जाए
लखनऊ। परिषदीय स्कूलों के समय को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। शिक्षक संगठनों ने मांग की है कि भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य के लिए समयानुसार बदलाव किया जाए। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय के अनुसार, वर्ष 2015 तक प्राथमिक स्कूल सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होते थे। हालांकि, वर्ष 2016 में समय बदलकर सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे कर दिया गया।
ये भी पढ़ें
अवकाश सूचना: परिषदीय विद्यालयों में 31 मार्च को इस वजह से रहेगा अवकाश
इसके बाद वर्ष 2022 में कोविड-19 महामारी के कारण पढ़ाई के नुकसान को ध्यान में रखते हुए स्कूल का समय एक घंटे बढ़ाकर दोपहर 2 बजे तक कर दिया गया, जो वर्तमान में भी लागू है। संघ का कहना है कि आरटीई (RTE) के अनुसार गर्मियों में विद्यालय का संचालन 5 घंटे का होना चाहिए, जबकि वर्तमान समय इससे अधिक है। भीषण गर्मी में ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इसी को ध्यान में रखते हुए संघ ने अप्रैल से स्कूल का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक करने की मांग की है।



