परिषदीय विद्यालयों के छात्र छात्राओं की उपस्थिति प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड किए जाने के सम्बन्ध में BSA का आदेश जारी
उन्नाव। जनपद उन्नाव के परिषदीय विद्यालयों में छात्रों की डिजिटल उपस्थिति को प्रेरणा पोर्टल पर समय से अपलोड न किए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सख्त निर्देश जारी किए हैं।
कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, उन्नाव से जारी पत्रांक 42318-23/2025-26 दिनांक 11 मार्च 2026 में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि परिषदीय विद्यालयों में छात्रों की डिजिटल उपस्थिति नियमित रूप से प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड कराई जाए।
पत्र में बताया गया है कि राज्य परियोजना कार्यालय एवं अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) के निर्देशों के क्रम में परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण-अध्यापन तथा दैनिक कार्यों को डिजिटल माध्यम से संचालित करने के लिए प्रेरणा पोर्टल पर डिजिटल रजिस्टर मॉड्यूल विकसित किया गया है। इस मॉड्यूल के अंतर्गत उपस्थिति पंजीका, प्रवेश पंजीका, छात्र उपस्थिति पंजीका, प्रार्थना/प्रार्थना सभा पंजीका, समेकित शैक्षिक विवरण पंजीका, स्टॉक पंजीका, अवकाश एवं टूर रजिस्टर, बैठक पंजीका, निरीक्षण पंजीका, बाल गणना पंजीका, पुस्तकालय एवं खेलकूद पंजीका आदि का डिजिटलीकरण किया जाना है।
समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि जनपद उन्नाव के कई परिषदीय विद्यालयों में पंजीकों का डिजिटलीकरण अपेक्षित स्तर पर नहीं हो रहा है। कई विद्यालयों में अभी भी डिजिटल रजिस्टर समय से अपडेट नहीं किए जा रहे हैं, जो उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का उल्लंघन है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी खंड शिक्षा अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों में डिजिटल रजिस्टर का नियमित उपयोग सुनिश्चित कराएं। जिन विद्यालयों में अभी तक पंजीकों का डिजिटलीकरण नहीं हुआ है, वहां शीघ्र कार्रवाई करते हुए कार्य पूरा कराया जाए।
साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि किसी विद्यालय द्वारा निर्धारित समय में डिजिटल रजिस्टर अपडेट नहीं किए जाते हैं, तो संबंधित के विरुद्ध नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस आदेश की प्रतिलिपि निदेशक, बेसिक शिक्षा उत्तर प्रदेश लखनऊ, जिलाधिकारी उन्नाव, मुख्य विकास अधिकारी उन्नाव तथा समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को भी सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित की गई है।
(संदेश कुमार पाण्डेय)
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी
उन्नाव
