बड़ी खबर: उत्तर प्रदेश के इस जिले में 13 के स्थान पर 20 मार्च को रहेंगी छुट्टी, डीएम का आदेश जारी
मऊ: जिलाधिकारी मऊ द्वारा जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2026 की स्थानीय अवकाश सूची में संशोधन किया गया है। पहले 13 मार्च 2026 को जमात-उल-विदा (अलविदा) / रमजान के अंतिम शुक्रवार के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित किया गया था।
हालांकि प्रशासन ने इसमें बदलाव करते हुए अब 20 मार्च 2026 (शुक्रवार) को जमात-उल-विदा / रमजान के अंतिम शुक्रवार के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी कार्यालय से जारी इस आदेश के अनुसार जनपद में स्थित सभी सरकारी कार्यालयों में 20 मार्च को अवकाश रहेगा।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। आदेश की प्रति मंडलायुक्त, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी, अपर जिलाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
आदेश पर जिलाधिकारी मऊ की ओर से डिजिटल हस्ताक्षर किए गए हैं। आदेश में यह भी निर्देश दिया गया है कि जिला सूचना अधिकारी इस सूचना को स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित कराएं।
