BLO शिक्षामित्र को निर्वाचन कार्य के दौरान स्कूल में बुलाए जाने व पावनापर हस्ताक्षर न करने परेशान करने की धमकी को लेकर आदेश जारी, प्रधानाध्यापक सचेत रहें
श्रावस्ती। विधानसभा एवं पंचायत चुनाव कार्य में लगे एक शिक्षामित्र को कथित रूप से परेशान किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 289-निगोहा द्वारा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, श्रावस्ती को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री ओंकार नाथ सरोज, जो कि शिक्षामित्र एवं बीएलओ (उदयनगर रामपुर देवन) के पद पर कार्यरत हैं, ने दिनांक 06 फरवरी 2026 को प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि वर्तमान समय में वे विधानसभा और पंचायत चुनाव ड्यूटी में नियुक्त हैं। चुनाव कार्य में व्यस्त रहने के कारण वे विद्यालय में शिक्षण कार्य सुचारू रूप से नहीं कर पा रहे हैं।
शिक्षामित्र द्वारा यह भी आरोप लगाया गया है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री राधेश्याम वर्मा द्वारा उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है तथा चुनाव संबंधी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर न किए जाने के कारण निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने अपने पत्र में स्पष्ट रूप से कहा है कि चुनाव जैसे संवैधानिक एवं महत्वपूर्ण कार्यों में किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप स्वीकार्य नहीं होगा। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि प्रधानाध्यापक को इस संबंध में तत्काल सूचित किया जाए।
पत्र में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार का हस्तक्षेप किया जाता है या बाधा उत्पन्न होती है, तो संबंधित प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्वयं प्रधानाध्यापक की होगी।
इस आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सिरसिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है।




