बड़ी खबर: शिक्षामित्रों एवं शिक्षकों तथा अनुदेशकों को यह काम करने पर ही मिलेगा फ़रवरी माह की सैलरी, देखें इस जिले का आदेश
सीतापुर जनपद में फरवरी 2026 के वेतन आहरण से पहले सभी शिक्षकों और कर्मचारियों की फैमिली आईडी पूर्ण कराना अनिवार्य कर दिया गया है। इस संबंध में जिला एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी, सीतापुर द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, वरिष्ठ कोषाधिकारी, सीतापुर के 03 फरवरी 2026 के पत्र के क्रम में यह आदेश दिया गया है कि माह फरवरी 2026 के वेतन आहरण से पूर्व सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों की फैमिली आईडी पूर्ण होना आवश्यक है। यह निर्देश पूर्व में जारी फैमिली आईडी संबंधी आदेशों के अनुपालन में दिया गया है।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जनपद के समस्त विद्यालयों एवं कार्यालयों में कार्यरत शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया सहित सभी कर्मचारियों की फैमिली आईडी पूर्ण कराई जाए। इसके साथ ही फैमिली आईडी पूर्ण होने का प्रमाणपत्र 15 फरवरी 2026 तक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विकास क्षेत्रों में कार्यरत सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों की फैमिली आईडी से संबंधित सूचना तत्काल एकत्र कर जिला कार्यालय को भेजना सुनिश्चित करें, ताकि फरवरी माह के वेतन भुगतान में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो।
इस आदेश की प्रतिलिपि वरिष्ठ कोषाधिकारी, जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ तथा 69000 शिक्षक संघ के जिला पदाधिकारियों को भी सूचनार्थ भेजी गई है। शिक्षा विभाग का कहना है कि निर्धारित तिथि तक फैमिली आईडी पूर्ण न होने की स्थिति में वेतन आहरण में समस्या आ सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कार्यालयों की होगी।