यूपी के स्थापना दिवस पर स्कूलों में होंगे तीन दिवसीय उत्सव
प्रयागराज। सभी बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए उत्तर प्रदेश दिवस 23, 24 और 26 जनवरी को तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम में निबंध, वाद-विवाद और सांस्कृतिक गतिविधियां होंगी। इस बार मुख्य थीम विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत है। पहले दिन नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर विद्यार्थियों में उनकी जीवन, उनके विचारों और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान पर चर्चा होगी। इसके अलावा वाद-विवाद, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस मनाया जाएगा। छात्रों के लिए प्रश्नोत्तरी, क्विज-प्रतियोगिता, वाद-विवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और हमें गर्व है कि हम उत्तर प्रदेश के निवासी हैं, थीम पर भी विभिन्न गतिविधियां होंगी। वहीं 26 जनवरी को विद्यालयों में झंडारोहण, सांस्कृतिक महोत्सव व देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम होंगे। इसके बाद विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।